मध्य प्रदेशः रेप का शिकार बच्ची खून से लथपथ दो घंटे तक भटकती रही, जब बेहोश होकर गिर गई...

पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सालय में भर्ती कराया, चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी।
मध्य प्रदेशः रेप का शिकार बच्ची खून से लथपथ दो घंटे तक भटकती रही, जब बेहोश होकर गिर गई...
Published on

भोपाल। मध्य प्रदेश उज्जैन में 12 साल की मासूम के साथ हैवानियत की गई है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स में चोटे हैं। खून से सनी लड़की ढाई घंटे अर्धनग्न भागती रही जिसका एक सीसीटीवी का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो प्रदेश की चौपट कानून व्यवस्था को उजागर कर रहा है। पीडि़त बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके मां के साथ भी गलत हुआ है। पुलिस ने फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। यह चार लोग ऑटो चालक बताए जा रहे हैं।

क्या है पूरा मामला

उज्जैन के महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा से आगे दांडी आश्रम के करीब बच्ची सोमवार शाम घायल हालत में मिली थी। कपड़े खून से सने थे। उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण यहां से इंदौर रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों से पता चला कि उसके साथ रेप हुआ है।

बच्ची के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें हैं। ज्यादा खून बह जाने पर बच्ची को इंदौर के अस्पताल में रेफर करना पड़ा। वहां पुलिस ने उसे खून दिया। बच्ची अब खतरे से बाहर है। उसने मां के साथ भी गलत होना बताया, लेकिन उसकी मां कहां है और वह उज्जैन तक कैसे आई? इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है।

बच्ची सांवराखेड़ी सिंहस्थ बाइपास मार्ग की कॉलोनियों में ढाई घंटे तक अर्धनग्न हालत में घूमती रही। इसके सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खोजे हैं। वह पूरे आठ किलोमीटर चलती चली गई। कुछ लोगों ने देखा भी, लेकिन शायद डर या किसी और सामाजिक वजह से न रोका और न ही पुलिस को बताया। उज्जैन पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि जांच के लिए एसआईटी गठित की है। बच्ची ठीक से ज्यादा कुछ बता नहीं पा रही है। घटना कहां हुई? फिलहाल जांच की जा रही है।

घण्टों भटकती रही बच्ची

जानकारी के मुताबिक बच्ची पूरे ढाई घंटे तक भटकती रही। उसने मदद भी मांगी। कुछ लोगों ने देखा भी, लेकिन मदद को आगे नहीं आए। फुटेज में एक ऑटो रिक्शा हाटकेश्वर मार्ग पर दिखाई दिया है, जिसमें एक व्यक्ति भी पीड़िता के साथ दिखा है। फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार रात को ऑटो वाले को खोज निकाला। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। अब तक जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि बच्ची नीलगंगा थाना क्षेत्र में सिंहस्थ बाइपास के सांवराखेड़ी मार्ग, तिरूपति ड्रीम्स, हाटकेश्वर विहार कॉलोनी समेत चिंतामण ब्रिज मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे में कई जगह दिखाई दी।

सीसीटीवी फुटेज में बच्ची सोमवार सुबह 5 बजकर 52 मिनट पर तिरूपति ड्रीम्स कॉलोनी में अध कपड़ों में पैदल हड़बड़ाहट में जाती दिखी है। इस दौरान सुबह कॉलोनी के एक वृद्ध ने उससे पूछा भी कि क्या हुआ है तो वह इतना ही बोली कि कुछ लोग मेरे पीछे लगे हैं। इसके बाद वह रुकी नहीं, वह तेजी से चलती गई। पुलिस संबंधित व्यक्ति तक भी पहुंची और बच्ची से हुई बातचीत के बारे में पता किया। इससे यह साफ पता लगता है कि बच्ची का रेप होने के बाद वह जान बचाकर भाग रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह समझ नहीं पा रही थी कि आखिर किससे मदद मांगे?

चार लोग हिरासत में

उज्जैन पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि संभवतः बाइपास एरिया में बच्ची हैवानियत की शिकार हुई है। वह एक व्यक्ति का नाम भी बोल रही है। उसके अंदरूनी जगह पर गंभीर चोटें हैं, लेकिन समय रहते उसे तत्काल इंदौर भिजवाया, जहां ऑपरेशन के बाद वह खतरे से बाहर है। चार लोगों को बुधवार को हिरासत में लिया है। मामले में जांच की जा रही है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com