बर्बरता: पहले दलित महिला से गैंगरेप किया फिर बेसुध पीड़िता के पैरों पर चढ़ाई बाइक, संक्रमण फैलने से एक पैर काटना पड़ा!

मथुरा में दलित महिला से गैंगरेप
मथुरा में दलित महिला से गैंगरेप
Published on

मथुरा के कोसीकलां की घटना। घर छोड़ने के बहाने साथ ले गए थे आरोपी। कोल्डड्रिंक में नशील पदार्थ मिलाकर पिलाया, फिर की हैवानियत।

लखनऊ। यूपी के मथुरा में दलित महिला के साथ दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोपियों ने पहले उसके साथ गैंगरेप किया, फिर उसके दोनों पैरों पर बाइक चढ़ाकर रौंद डाला। बुरी तरह घायल महिला को आरोपी रेलवे ट्रैक पर फेंककर फरार हो गए। लोगों ने जब उसे घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक पर पड़े देखा तो पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।

काटना पड़ा पैर

लंबे समय तक अस्पताल में महिला का इलाज चला। पैर में सैप्टिक हो जाने के कारण डॉक्टरों को उसका एक पैर काटना पड़ा। पति पहले से अपंग है। उसने दुर्घटना में अपना हाथ खो दिया था। महिला की कमाई से ही घर चलता था।

घटना 24 मई 2022 की है। मामले में पीडि़ता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मथुरा के कोसीकलां थाने की पुलिस ने धारा 326, 328, 376क व धारा 3(2)(5) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। करीब डेढ़ महीने बाद दोनों आरोपियों महेश और महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

यूपी के मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में दलित महिला अपने परिवार के साथ रहती है। महिला का पति भी अपंग है। पति का 25 साल पहले एक हादसे में बुरी तरह घायल होने के कारण एक हाथ खराब हो गया था। महिला के तीन छोटे नाबालिग बच्चे भी हैं। घर का खर्च चलाने के लिए महिला प्राइवेट नौकरी करती थी।

दलित महिला के पति ने बताया "मेरी पत्नी घटना वाले दिन सुबह 9 बजे शाहपुर रोड पर बैंक से पैसे निकालने गई थी। बैंक से पैसा निकालने के बाद घर लौट रही थी। गांव का रहने वाला महेश बघेल रास्ते में मिल गया। घर छोड़ने के बहाने उसने मेरी पत्नी को बाइक पर बैठा लिया। कोसीकलां हनुमान मंदिर के पास महेश ने अपने मित्र महेंद्र सहित 4 अन्य को बुलाया था। सभी ने वहां कोल्डड्रिंक पी। मेरी पत्नी ने बताया उसे चक्कर आने लगे थे, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। महेश उसे सूनसान जगह ले गया। और दोस्तों के साथ रेप किया। इसके बाद बेसुध पत्नी के पैरों को बाइक से बुरी तरह रौंद दिया। महावीर बगीची के पास रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए।"

महिला पर घर की जिम्मेदारी

पीडि़ता ने बिलखते हुए बताया, "मैं घर के पास ही कारखाने में काम करती थी। इसी कमाई से घर का राशन, बच्चों के कपड़े व अन्य जरूरतों को पूरा करती थी। लेकिन इस हादसे ने मेरे बचे हुए पैसे और नौकरी दोनों ही छीन ली है। मुझे आर्थिक परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।"

दो आरोपियो की तलाश जारी

एसपी ग्रामीण श्री चंद ने बताया कि, थाना कोसीकला में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के दो लोगों ने बाइक से ले जाकर एक सुनसान जगह पर रेप किया और घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य की तलाश की जा रही है।

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com