उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत में ग्रामीणों ने गजब फरमान सुनाया। गांव के युवक से प्रेम प्रसंग पर आपत्ति करते हुए ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर युगल के मुंह पर कालिख पोतने और बाल काटने का फरमान जारी कर दिया। प्रेमी तो मौका से भाग गया, लेकिन ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। उसके मुंह पर कालिख पोत दी और बाल भी काट दिया।
ग्रामीणों के चंगुल से छूटकर भागे प्रेमी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। पंचायत में शामिल दर्जन भर से अधिक ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला हथिगवां थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। यहां पर एक महिला को तीन बच्चे हैं। महिला का पति मुंबई में नौकरी करता है। आरोप है कि महिला का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक युवक से चल रहा है। यह बात धीरे-धीरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति की, लेकिन युवक का महिला के घर आना जाना बंद नहीं हुआ। गांव का माहौल खराब न हो इस को लेकर लोगों ने इस तरह के प्रेम प्रसंग पर रोक लगाने की बात कही, लेकिन दोनों के बीच संबंध जारी रहा। इसको लेकर कई बार पहले भी पंचायत हो चुकी थी।
रविवार को ग्रामीणों की पंचायत हुई। दोनों के प्रेम प्रसंग को गांव के मान सम्मान से जोड़ते हुए दोनों को दंडित करने का फरमान सुनाया गया। पेड़ से बांधकर दोनों के मुंह पर कालिख पोतने और उनके बाल काटने का निर्णय लिया गया। यह सुनकर पंचायत में मौजूद प्रेमी भाग निकला। ग्रामीणों ने विवाहिता को पकड़ लिया, और बगीचे में ले जाकर पेड़ से बांध दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला को पेड़ से बांधकर उसके चेहरे पर कालिख पोतकर और उसके बाल काटकर उसे सरेआम अपमानित करने के आरोप में पति, पंचायत सदस्यों, परिवार व पड़ोसी पुरुषों-महिलाओं समेत कुल 17 लोगों को अरेस्ट किया गया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.