मध्य प्रदेश: माँ शारदा मंदिर समिति के दो सेवादारों ने दस साल की मासूम से किया रेप!

लोगों में आक्रोश, आरोपियों के लिए फांसी की सजा मांगी
मध्य प्रदेश: माँ शारदा मंदिर समिति के दो सेवादारों ने दस साल की मासूम से किया रेप!
Published on

भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना जिले में 10 साल की बच्ची से सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। जिले के मैहर में मां शारदा प्रबंधन समिति में कार्यरत दो कर्मचारियों ने 10 साल की मासूम के साथ रेप किया और उसे बेसुध स्थिति में छोड़ कर भाग गए। दोनों आरोपियों ने उसके प्राइवेट पार्ट में लाठी डाल दी है। मैहर में प्राथमिक उपचार के बाद दुष्कर्म पीड़िता को रीवा रेफर कर दिया गया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, मैहर थाना क्षेत्र में रहने वाली दस साल की मासूम मां शारदा धाम जा रही थी। पीछे की तरफ से नहर निकली है। जिसके किनारे से गुजरते समय रवि चौधरी नामक युवक लड़की को पकड़ ले गया। इसके बाद अपने दोस्त के साथ मिलकर झाडियों के पीछे न केवल दुष्कर्म किया। इसके बाद नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में लाठी डाल दी। पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार सुबह 7 बजे की है।

दोनों आरोपी मन्दिर समिति के कर्मचारी

जानकारी के अनुसार आरोपी अतुल बढ़ोलिया और रवि चौधरी मैहर के मां शारदा प्रबंधन समिति में कर्मचारी है। दोनों के पास अतिक्रमण का जिम्मा है। फिलहाल मैहर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ रेप साथ ही पाक्सो एक्ट का केस पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से मैहर क्षेत्र की जनता में आक्रोश है।

घटना स्थल पर पहुँचा प्रशासन

अपराध की सूचना मिलते ही मैहर एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीओपी लोकेश डावर, तहसीलदार जितेन्द्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और परिजनों को कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया। मैहर एसडीओपी लोकेश डावर ने बताया कि सुबह सात बजे लड़की मंदिर की तरफ जा रही थी। इसी बीच आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। नहर के किनारे झाडियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में कुछ इंसर्ट किया गया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पीड़ित बच्ची को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा ले जाया गया है।

प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ी

बीजेपी विधायक ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। द मूकनायक से बातचीत करते हुए मैहर के बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। मुख्यमंत्री कहते जरूर है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन इसके बावजूद भी अपराध कम नहीं हो रहे हैं। इसका अर्थ है कि मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है।

पीड़ित को एक करोड़ की आर्थिक मदद करें सरकार- विधायक

द मूकनायक से बातचीत में विधायक ने कहा कि वह बच्ची से हुई इस घटना की निंदा करते है। इस मामले में अपराधियों को फांसी होनी चाहिए मुख्यमंत्री कहते है कि बच्चों से अपराध करने वालों को फांसी होगी। मैं सरकार से मांग करता हूँ कि मामले को फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाया जाए और दोषियों को फांसी हो।

वहीं विधायक नारायण त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग की है कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता भी दी जाए।

घरों पर बुलडोजर चलना असंवैधानिक

बीजेपी के विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा, उत्तर प्रदेश सरकार की बुलडोजर परंपरा की शुरुआत मध्य प्रदेश में भी हुई है। इसका विरोध करता हूं। आरोपी के घर पर बुलडोजर चलना न्यायसंगत नहीं है, यह असंवैधानिक है। किसी के घर पर बुलडोजर चलने उनके बेकसूर बच्चे बुजुर्गों और घर के अन्य लोग सजा भोगते है। विधायक ने कहा कि सिर्फ अपराधी को ही अपराध की सजा मिलनी चाहिए परिवार को नहीं।

सीएम ने ट्वीट कर दुःख जताया

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि मैहर में बेटी के साथ दुष्कर्म की जानकारी मिली है, मन पीड़ा से भरा हुआ है, व्यथित हूं। मैंने पुलिस को निर्देश दिए है कि कोई भी अपराधी बचना नहीं चाहिए। पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रशासन को निर्देश दिए है कि बेटी को समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

कमलनाथ ने साधा सरकार पर निशाना

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि मैहर में छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत निंदनीय है। बच्ची के साथ निर्भया कांड की तरह अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात भी सामने आ रही है। प्रदेश में आए दिन बच्चियों के साथ अत्याचार की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि शिवराज सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि बेटी को अच्छे से अच्छा उपचार उपलब्ध कराया जाए और उसे तत्काल एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।

NCRB: बच्चों पर अपराध में एमपी अव्वल

मध्य प्रदेश नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के मामले में नंबर वन पर है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की साल 2021 की रिपोर्ट में देश में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के 33036 तो मध्य प्रदेश में 3515 मामले दर्ज हुए। जबकि कुल ज्यादती के मामलों में 6462 एमपी में ही हुए। रिपोर्ट के मुताबिक हर तीन घंटे में एक बच्ची से दुष्कर्म हुआ। साल 2020 में भी यही स्थिति थी। तब 5598 दुष्कर्म के केस दर्ज हुए थे, इनमें 3259 नाबालिग बच्चियों के थे। साल 2020 में भी एमपी देश में नंबर वन था।

यह भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: माँ शारदा मंदिर समिति के दो सेवादारों ने दस साल की मासूम से किया रेप!
राजस्थान में नीले झण्डे से नाराज मनबढ़ ने दलित युवक को पीटा, एमपी में कुर्सी पर बैठने से दलित युवक की पिटाई
मध्य प्रदेश: माँ शारदा मंदिर समिति के दो सेवादारों ने दस साल की मासूम से किया रेप!
उत्तर प्रदेश: किन्नर बनने का दबाव बनाया, विरोध करने पर मुस्लिम युवक को गंजा कर पेशाब पिलाया!
मध्य प्रदेश: माँ शारदा मंदिर समिति के दो सेवादारों ने दस साल की मासूम से किया रेप!
ST स्टेटस का मुद्दा: जानिए कैसे समुदायों को मिलता है अनुसूचित जनजाति का दर्जा!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com