अब तक की खबरें: यूपी में महिला से रेप, गर्भवती हुई तो आरोपियों ने बच्चेदानी निकलवा दी!

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on

नई दिल्ली। भारत में पिछले 12 घण्टों में देश के विभिन्न राज्यों में महिला उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं। यह मामले यूपी, बिहार, दिल्ली से जुड़े हैं। सबसे चौका देने वाली घटना आगरा की है, जिसमें एक महिला से रेप के बाद गर्भवती होने पर उसकी अबॉर्शन के दौरान बच्चेदानी ही निकलवा दी गई। इन सभी मामलों में पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी है।

जानिए क्या है सभी मामले?

पहला मामला उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सामने आया है। यहां एक आरोपी ने अपने दो दोस्तों के साथ महिला के साथ गैंगरेप किया। जब महिला गर्भवती हो गई तो दरिंदों ने मध्य प्रदेश ले जाकर उसके साथ ऐसा काम कर दिया कि उसकी जिंदगी तबाह हो गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो की तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली एक महिला अपने घर का खर्चा चलाने के लिए जूता फैक्ट्री में काम करती है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था जो काफी दिनों से लापता है। ऐसे में महिला को नौकरी करनी पड़ी। आरोप है कि फैक्ट्री में एक युवक के साथ उसकी नजदीकियां हो गईं। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे अपने एक दोस्त के घर ले गया था। जहां पहले से एक और युवक मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इसके बारे में बताया तो उसकी बेटी के साथ भी यही वारदात कर देंगे। जानकारी के मुताबिक वारदात के बाद महिला गर्भवती हो गई। इस पर तीनों आरोपी पीड़ित महिला को मध्य प्रदेश के किसी कस्बे में ले गए और उसकी बच्चेदानी ही निकलवा दी। आगरा वापस पहुंचने पर महिला ने पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत की है। थाना सिकंदरा के प्रभारी आनंज कुमार शाही ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही बाकी दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बीए की छात्रा का खींचा दुपट्टा

यूपी के प्रतापगढ़ जिले में पूर्व में नाबालिग से रेप की रिपोर्ट लिखने में टालमटोल करने, महिलाओं से अभद्रता को लेकर चर्चा में आने वाली देल्हूपुर पुलिस ने बीए की छात्रा से रास्ते में छेड़खानी, दुपट्टा खींचने के मामले में भी कार्रवाई करने में देर की। छात्रा के पिता के एसपी से गुहार लगाने के बाद आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकी।

देल्हूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 साल की छात्रा बीए प्रथम वर्ष में पढ़ती है। कॉलेज आने-जाने के दौरान उससे छेड़खानी की जाती थी। आरोप है कि 10 अगस्त को आरोपी विजय ने रास्ते में छात्रा का दुपट्टा खींचा और विरोध करने पर जिन्दगी बर्बाद करने की धमकी दी। देल्हूपुर थाने में शिकायत करने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपित फोन करके छात्रा को धमकी देने लगा। छात्रा के पिता की गुहार पर एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

भाभी के साथ गैंगरेप

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला को उसके देवर ने समझौता करने के लिए घर बुलाया। इसके बाद महिला के साथ देवर,जेठ और एक रिश्तेदार ने दरिंदगी की। जानकारी के मुताबिक बारादरी क्षेत्र की रहने वाली महिला का आरोप है कि उसका अपने पति के साथ 10 महीने से विवाद चल रहा था। महिला के देवर मुन्ना ने फोन कर उसे समझौता करने के लिए अपने घर पर बुलाया। देवर के फोन पर जब महिला घर पहुंची तो उसका देवर मुन्ना घर में अकेला था और उसकी पत्नी मायके गए हुई थी। इसके बाद देवर के घर पर उसके जेठ तस्लीम और मोइन खां भी आ गए। महिला का आरोप है कि इन सबने उसे जबरन घर में बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया और पुलिस से शिकायत नहीं करने की धमकी भी दी। महिला जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर घर से भागी। इस मामले में थाना प्रभारी हिमांशु निगम ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

महिला सुरक्षा गार्ड से सामूहिक बलात्कार

यूपी के गाजियाबाद जिले में स्थित एक सोसायटी में गत रविवार को महिला सुरक्षा गार्ड से बलात्कार करने का मामला सामने आया है। आरोप सिक्योरिटी कंपनी के मैनेजर पर है। पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में ले लिया है। मामले में पीड़िता के परिजनों ने मैनेजर के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता की हालत गंभीर है। अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सक फूड प्वाइजनिंग होने की भी आशंका जता रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो सकेगी। एसीपी वेवसिटी ने बताया कि थाना क्रोसिंग रिपब्लिक पर एक शिकायत प्राप्त हुई कि एक 19 वर्षीय युवती जोकि एक अपार्टमेंट में फीमेल गार्ड के रूप में कार्य करती है के साथ अजय और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा गलत कृत्य किया गया है। इस आधार पर थाना क्रोसिंग रिपब्लिक पर अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त अजय की गिरफ्तारी की जा चुकी है। टीमों का गठन कर अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

सातवीं की छात्रा से गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार

बिहार के भागलपुर जिले के जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित घाट रोड में सातवीं की छात्रा के साथ रविवार की रात गैंगरेप कर रहे चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छात्रा की मेडिकल जांच महिला पुलिस की अभिरक्षा में कराई गई। मामले में पीडि़ता के बयान पर आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज करने की कार्रवाई देर रात जारी थी। जोगसर पुलिस ने जिन युवकों को गिरफ्तार किया है उसमें बांका जिले का कुंदन कुमार, करण कुमार, आदित्य कुमार और नवगछिया इलाके का अमन कुमार शामिल है। पीड़िता ने पुलिस को तीन और लोगों के नाम बताए। कहा कि उन लोगों ने पहले सैंडिस कंपाउंड के पास एक कमरे में दो दिन तक रखकर गलत किया, इसके बाद आदमपुर में रखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-
प्रतीकात्मक तस्वीर
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: चुराचांदपुर में प्रवेश के लिए सिर्फ मुस्लिम ड्राइवर ही क्यों?
प्रतीकात्मक तस्वीर
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: रिलीफ कैंपों के कम स्पेस में करवटों में दिन गुजारती गर्भवती महिलाएं, नवजातों की जिंदगियां दांव पर
प्रतीकात्मक तस्वीर
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: चश्मदीद का आरोप, BJP कार्यकर्ता ने घर की मेढ़ पर कुकी व्यक्ति की काटकर लगाई थी गर्दन!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com