MP: सागर में डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत, ऑपरेशन के दौरान पेट में कपड़ा छोड़ने का आरोप! परिजनों ने लगाया चक्काजाम

6 सितंबर 2023 को खुरई के रीठौर मिशन अस्पताल में अनीता की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी, जिसमें एक बच्ची का जन्म हुआ था। एक साल बाद ऑपरेशन में बड़ी आंत में फंसे कपड़े को निकाला गया। लेकिन तबियत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई।
सांकेतिक
सांकेतिकइंटरनेट
Published on

भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले में डॉक्टरों की घोर लापरवाही के चलते एक 38 वर्षीय महिला अनीता अहिरवार की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि एक साल पहले खुरई के रीठौर मिशन अस्पताल में हुए सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में कपड़ा छोड़ दिया था। इस गलती के कारण महिला को 11 महीने तक असहनीय पेट दर्द सहना पड़ा, और अंततः 7 सितंबर 2024 को उसकी मृत्यु हो गई।

शनिवार रात महिला के परिजन उसका शव लेकर रीठौर मिशन अस्पताल के सामने पहुंचे और नेशनल हाईवे बीना-सागर रोड पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मृतका की 11 माह की बच्ची के भरण-पोषण के लिए उचित आर्थिक सहायता दी जाए। धरना देर रात तक जारी रहा और पुलिस के आश्वासन के बाद इसे समाप्त किया गया। देहात थाना प्रभारी धनेंद्र यादव और शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मां बनने के बाद शुरू हुई तकलीफ

मृतका के भाई सुनील अहिरवार ने बताया कि 6 सितंबर 2023 को खुरई के रीठौर मिशन अस्पताल में उसकी बहन अनीता की सिजेरियन डिलीवरी हुई थी, जिसमें एक बच्ची का जन्म हुआ था। इसके बाद से ही अनीता की तबीयत खराब रहने लगी। कई बार उसे उसी अस्पताल में दिखाया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में उसे झांसी, बीना, और भोपाल तक इलाज के लिए ले जाया गया, मगर उसकी तकलीफ कम नहीं हुई।

पेट से कपड़ा निकाला, फिर भी जान नहीं बची

अनीता को 23 अगस्त 2024 को सागर के भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसके पेट में ऑपरेशन के दौरान कपड़ा छूट गया था, जिसे निकालने के लिए फिर से ऑपरेशन करना पड़ेगा। 28 अगस्त को ऑपरेशन कर कपड़ा निकाला गया, मगर अनीता की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। 7 सितंबर की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अनीता की यह मौत उसकी बेटी के लिए एक और दुखद मोड़ लेकर आई है। मृतका के भाई सुनील ने बताया कि अनीता के पति पप्पू अहिरवार की मौत डिलीवरी से दो महीने पहले 27 जुलाई 2023 को हार्ट अटैक से हो गई थी। परिवार की स्थिति पहले से ही नाजुक थी, और पप्पू के जाने के बाद उनकी जमा पूंजी अनीता के इलाज में खर्च हो गई। अब बच्ची के भविष्य को लेकर परिवार बेहद चिंतित है।

रीठौर मिशन अस्पताल के मैनेजर आशीष वेंजेबिन ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि अनीता की डिलीवरी सितंबर 2023 में उनके अस्पताल में हुई थी और पांच दिन के इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। सागर के निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महिला की बड़ी आंत में कपड़ा फंसा हुआ मिला था, जो सिजेरियन के दौरान छोड़ा गया हो सकता है। हालांकि, इस बात की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जरूरत है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, और पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जा सकती है।

सांकेतिक
MP: जबलपुर गर्ल्स कॉलेज की स्टूडेंट्स हुई साइबर फ्रॉड का शिकार, अश्लील वीडियो भेजकर ठग ने वसूले पैसे!
सांकेतिक
MP उज्जैन फुटपाथ दुष्कर्म मामला: पीड़िता को इंसाफ की लड़ाई और बयानबाज़ी के बीच गरमाई राजनीति, वीडियो बनाने वाले को तलाश रही पुलिस
सांकेतिक
MP: सिंगरौली में आदिवासी किसान की हत्या, पुलिस की भूमिका पर सवाल, आरोपी भाजपा नेता अब तक फरार!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com